आग से बचाव के लिए सभी संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करें – उपायुक्त सचिन गुप्ता

By Sahab Ram
On: June 23, 2026 6:18 PM
Follow Us:

रोहतक, 23 जून : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में आग से बचाव एवं सुरक्षा से संबंधित सभी नियमों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों, औद्योगिक इकाइयों, बाजारों एवं होटल संचालकों को सामूहिक रूप से जिम्मेदारी निभानी होगी।
सचिन गुप्ता आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला की औद्योगिक एसोसिएशन, मार्केट एसोसिएशन एवं होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सचिन गुप्ता ने कहा कि सभी बाजारों, उद्योगों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र पूर्णत: कार्यशील स्थिति में होने चाहिए तथा एयर कंडीशनर की नियमित सर्विसिंग भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्रों एवं बाजारों में रेंडम चेकिंग करने के निर्देश दिए।
  उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों एवं बाजारों में प्रवेश एवं निकास के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में दमकल वाहनों की आवाजाही सुगमता से हो सके। उन्होंने बाजारों में समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में बाजारों में अवैध कब्जों एवं यातायात प्रबंधन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि अवैध कब्जे बाजारों के सुचारू संचालन में बड़ी बाधा हैं तथा इन्हें हटाने के लिए बाजार एसोसिएशनों को भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा भी अवैध कब्जों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें बाजार एसोसिएशनों का सहयोग अपेक्षित है।
जिला पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने बाजारों का रूट ऑडिट करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापारियों एवं दुकानदारों की सुरक्षा के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं और इसमें सभी एसोसिएशनों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने होटल संचालकों से आह्वान किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि अधिकांश अग्निकांड होटल की रसोई से संबंधित कारणों से होते हैं, इसलिए रसोईघर फायर सेफ्टी मानकों के अनुरूप होने चाहिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) विशाल सिंह, सचिव आरटीए वीरेंद्र ढुल, नगराधीश शुभम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Sanitation workers are the true soldiers of a clean Faridabad; respecting them is the responsibility of us all: Vipul Goel.
सफाई मित्र स्वच्छ फरीदाबाद के असली सिपाही, उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी: विपुल गोयल

The ADC imposed a fine of ₹44,998 in two cases of food adulteration.
एडीसी ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के दो मामलों में लगाया 44 हजार 998 रुपये जुर्माना

Sahab Ram

हरियाणा मीडिया में पिछले 14 सालों से सक्रिय। Yuva Haryana, Khabar Fast, STV Haryana News, खबरें अभी तक, A1 Tehelka में अपनी सेवाएं दी। चौपाल टीवी डिजिटल मीडिया के संस्थापक ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment