गुरुग्राम, 18 जून- हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार व डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय और उपमंडल स्तर पर नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को आयोजित शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न समस्याओं का सरल और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। शिविर में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन सहित अन्य मामलों की सुनवाई की गई और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
शिविर के दौरान कुल 9 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव नहीं था, उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि सभी शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण एटीआर पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकरण को दोबारा खोलने की आवश्यकता न पड़े।
एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है, जिससे लोगों को पारदर्शी सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित दिनों में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं।
इस अवसर पर एटीपी नवीन, एसडीओ राजेश कौशिक, एसडीओ सुमन कश्यप, एसडीओ श्लोक गौतम, जेई हिमांशु नागपाल, इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार, लेबर इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, बीएओ रामपाल, डीएसओ शिवानी, एमिनेंट पर्सन सीएम विंडो सुषमा शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





