फरीदाबाद, 30 मई।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हरियाणा के निर्देशानुसार जिला फरीदाबाद में 1 जून से 30 जून 2026 तक एनीमिया उन्मूलन माह अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले में लगभग 1.91 लाख लाभार्थियों की एनीमिया (खून की कमी) की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार, परामर्श एवं फॉलो-अप सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा ने बताया कि एनीमिया महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। अभियान का उद्देश्य एनीमिया की समय पर पहचान, प्रभावी उपचार तथा समुदाय में जागरूकता बढ़ाना है। इसके तहत स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, उप-स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं सामुदायिक स्थलों पर विशेष जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की टीमें हीमोग्लोबिन जांच, आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की उपलब्धता, पोषण संबंधी परामर्श तथा आवश्यकता अनुसार रेफरल सेवाएं प्रदान करेंगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 6 से 59 माह के 34,800 बच्चों, 5 से 9 वर्ष के 26,100 बच्चों, 10 से 19 वर्ष की 52,200 किशोरियों, 26,100 प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं, 17,400 गर्भवती महिलाओं तथा अन्य पात्र श्रेणियों के 34,700 लाभार्थियों सहित कुल 1,91,000 लोगों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान चिन्हित एनीमिया ग्रस्त व्यक्तियों को राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप उपचार उपलब्ध कराया जाएगा तथा गंभीर मामलों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र अथवा विशेष शिविरों में पहुंचकर एनीमिया की जांच अवश्य करवाएं तथा संतुलित एवं आयरन युक्त आहार अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।





