रोहतक, 1 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे समाधान शिविरों की पुरानी लंबित शिकायतों का यथाशीघ्र उचित निपटारा सुनिश्चित करें। शिकायतों के स्थायी निपटारे के लिए संबंधित नागरिक से संवाद कर उन्हें विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की वर्चुअली समाधान समीक्षा के उपरांत अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर नागरिकों की समस्याओं के निदान के लिए कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार नागरिकों की हर विभाग से संबंधित समस्या का एक छत के नीचे समयबद्ध उचित निपटारा करने के उद्देश्य से सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि समाधान शिविरों की पुरानी लंबित शिकायतों का तुरंत उचित निपटारा हों। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की पुरानी शिकायतें लंबित है वे शनिवार को कैंप कार्यालय में पहुंचकर उनका निपटारा करवाये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की निरंतर समीक्षा की जा रही है। नागरिकों का फीडबैक जानने के लिए कॉलिंग सेल भी स्थापित किया गया है। समस्या के समाधान से संबंधित नागरिक संतुष्ट होने पर शिकायत का समाधान किया जाता है।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के निपटारे के संदर्भ में नियमित रूप से कार्यवाही रिपोर्ट भी अपलोड करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी गंभीरता के साथ समाधान शिविरों की शिकायतों का निपटारा करवाये तथा किसी भी शिकायत को लंबे समय तक लंबित न रखें। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एएसपी आयुष यादव, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, परिवहन डिपो के महाप्रबंधक नवीन कुमार, मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।





