सिरसा, 28 अप्रैल।
नगराधीश अजय सिंह ने कहा कि जनगणना-2027 के तहत करवाई जा रही स्व-गणना नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का सशक्त माध्यम प्रदान करती है। स्व-गणना से न केवल समय और संसाधनों की बचत होती है, बल्कि आंकड़ों की सटीकता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे 30 अप्रैल तक इस अभियान में बढ़-चढकऱ भाग लें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा जिले भर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और ग्राम पंचायतों ने भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग देते हुए लोगों को प्रेरित किया है।
जिला सांख्यिकी अधिकारी अमिता चौधरी ने बताया कि जिले में स्व-गणना अभियान को लेकर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। गांवों, वार्डों और शिक्षण संस्थानों में विशेष कैंप लगाकर लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों व पंचायतों की भागीदारी से अभियान को और अधिक मजबूती मिली है। आमजन में उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग स्वप्रेरणा से अपनी जानकारी दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते स्व-गणना पूर्ण कर इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाएं।
जिला में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना को लेकर जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गांव पन्नीवाला मोटा, बुखारा खेड़ा, गोबिंदगढ़ में ग्रामीणों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया, महत्व तथा सही जानकारी दर्ज करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जेसीडी मेमोरियल पीजी कॉलेज, जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज तथा जेसीडी बीएड कॉलेज में भी विद्यार्थियों और स्टाफ को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया गया।
गुरु नानक एकेडमी अभोली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक सुभाष बजाज व गुलशन बजाज ने विद्यार्थियों को स्व-गणना के महत्व से अवगत कराया और उन्हें अपने परिवार व आसपास के लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इसके अलावा रानियां क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विकास पब्लिक स्कूल रानियां के प्रिंसिपल मनजिंद्र सिंह, सेंट सोल्जर सीनियर सेकेंडरी स्कूल रानियां के प्रिंसिपल विक्रमजीत सिंह, वीएन पब्लिक स्कूल में प्रबंधक डा. जोबनदीप सिंह, द गुरुकुल स्कूल के प्रिंसिपल सुखराज सिंह, डायमंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल अमित मेहता, डीएन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल लखविंद्र कौर, द जीनियस स्कूल रानियां में प्रिंसिपल किरपाल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-गणना देश के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए विद्यार्थी अपने घरों में अभिभावकों और आस पड़ोस में आमजन को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।





