सांपला/रोहतक, 24 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को सांपला नगरपालिका के चेयरमैन पद के भाजपा प्रत्याशी प्रवीन कोच का नामांकन विधिवत रूप से दाखिल कराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। नामांकन से पहले हवन-पूजन किया गया, जिसके बाद एक विशाल जनसभा का आयोजन हुआ और पूरे क्षेत्र में भव्य रोड शो निकाला गया। जनसभा और रोड शो के दौरान क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह का माहौल रहा। रोड़ शो के दौरान लोगों ने जगह-जगह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। रोड शो के दौरान कार्यकर्ता हाथों में भाजपा का झंडा लिए मोदी नायब जिंदाबाद, भारत माता की जय के जयकारे लगाते रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है। मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों ने देश के हर वर्ग तक विकास पहुंचाया है। आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। नायब सैनी सरकार बिना भेदभाव किए हर क्षेत्र में विकास करा रही है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार का प्रदेश में पारदर्शी शासन, ई-गवर्नेंस, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस है। भाजपा सरकार में पिछले लगभग 12 वर्षों में सड़कों, बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं, जिससे आम जनमानस को सीधा लाभ मिला है।
मोहन लाल बड़ोली ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कमल के फूल का संदेश लेकर जनता के बीच जाएं और उन्हें समझाएं कि विकास, पारदर्शिता और सुशासन के लिए भाजपा की “ट्रिपल इंजन” सरकार बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय, राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को गति मिलती है और योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के आम लोगों तक पहुंचता है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी प्रवीन कोच सहित सभी पार्षदों को भारी मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दें। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की जीत क्षेत्र के विकास की गारंटी है।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, मेयर रामवतार वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन मंजू हुड्डा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं क्षेत्र की देवतुल्य जनता जनार्दन उपस्थित रहे।










