सिरसा। रोटरी क्लब सिरसा और राजकीय पॉलिटेक्निक सिरसा द्वारा मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान के परिसर में आयोजित इस शिविर में शिव शक्ति ब्लड बैंक की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अभियान के दौरान युवाओं और कॉलेज स्टाफ में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही डोनर्स ने पंजीकरण कराना शुरू कर दिया था। रोटरी क्लब के सदस्यों के साथ-साथ कॉलेज के फैकल्टी मेंबर्स और विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय अस्पतालों और ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को पूरा करना है, ताकि आपातकालीन स्थिति में किसी भी मरीज को रक्त के अभाव का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही युवाओं को रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर उन्हें जागरूक करने का प्रयास भी किया गया। इस विशेष अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन भूपेश मेहता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने हर एक डोनर के पास जाकर उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि ऐसे शिविरों से न केवल जरूरतमंदों को जीवन मिलता है, बल्कि युवाओं में सेवा भावना भी विकसित होती है। आर्किटेक्ट प्रमोद कंबोज ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान करना केवल एक दान नहीं, बल्कि एक जीवन बचाने का संकल्प है। हमें गर्व है कि हमारे युवा इस नेक कार्य के लिए इतनी बड़ी संख्या में आगे आ रहे हैं। वहीं, संस्थान के प्रिंसिपल राजेंद्र जिंदल ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान सबसे सुरक्षित है और विद्यार्थियों का यह योगदान सराहनीय है। रक्तदान करने वाले सभी डोनर्स को क्लब और संस्थान की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मेडिकल टीम की देखरेख में सभी रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की जांच की गई और रक्तदान के पश्चात उन्हें फल, जूस और पौष्टिक जलपान वितरित किया गया। अंत में, रोटरी क्लब सिरसा ने राजकीय पॉलिटेक्निक के स्टाफ, स्वयंसेवकों और विशेष रूप से मेडिकल टीम का इस सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
रोटरी क्लब और राजकीय पॉलिटेक्निक ने लगाया रक्तदान शिविर











