Haryana News: हरियाणा के पानीपत में रिफाइनरी में काम करने वाले मजदूरों ने बुधवार को एक बार फिर हंगामा कर दिया। सुबह मजदूरों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान एक व्यक्ति का हाथ टूटने की भी सूचना है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। मौके पर पुलिस बल के साथ वज्र वाहन तैनात किए गए हैं। एक ओर मजदूरों की भीड़ डटी हुई है, जबकि दूसरी ओर पुलिस फोर्स मोर्चा संभाले हुए है। अधिकारी लगातार मजदूरों से शांति बनाए रखने और काम पर लौटने की अपील कर रहे हैं।
मजदूरों का कहना है कि प्रशासन ने उनकी 8 घंटे की ड्यूटी सहित अन्य मांगों को मान लिया था। अब उनकी मांग है कि इन फैसलों को पूरी रिफाइनरी परिसर में बोर्ड पर लिखकर सार्वजनिक किया जाए। साथ ही जो ठेकेदार इन नियमों का पालन नहीं करे, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।
इससे पहले 23 फरवरी को भी रिफाइनरी परिसर में मजदूरों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई थी। उस दौरान भी पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए Central Industrial Security Force (CISF) के जवानों ने दो हवाई फायर किए थे। मामले में सदर थाने में करीब ढाई हजार अज्ञात मजदूरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।








