जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चेयरमैन एवं डीसी यशेंद्र सिंह ने कहा कि कोरोना से दूरी बनाए रखने के लिए सभी को कोविड उपयुक्त व्यवहार की पालना सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। डीसी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश के चार जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में फेस मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में रेवाड़ी जिला गुरुग्राम और झज्जर के नजदीक होने के कारण कोरोना संक्रमण के प्रभाव से दूरी बनाए रखने में सभी को सहयोगी बनना होगा।
डीसी ने कहा कि कोरोना से बचने के लिए आमजन को सावधानी रखनी चाहिए ताकि कोरोना से बचाव संभव हो सके। उन्होंने कहा कि जिला रेवाड़ी के लोगों का प्रतिदिन झज्जर और गुरूग्राम में आवागमन लगा रहता है जिससे संक्रमण का खतरा होने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे कोरोना से बचने के लिए उचित दूरी के साथ-साथ मास्क का भी प्रयोग अमल में लाएं। डीसी यशेन्द्र सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए हर जरूरी सुरक्षात्मक कदम उठाएं। उन्होंने जिला वासियों को जागरूक करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन व सावधानी ही कोरोना से बचाव का सुरक्षित व सशक्त माध्यम है और प्रशासन पूरी तरह से सजग और सतर्क है।
वैक्सीनेशन रूपी सुरक्षा कवच है बेहद जरूरी : डीसी
डीसी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को नियमानुसार टीकाकरण किया जा रहा है। रेवाड़ी जिला में नागरिक अस्पताल के अलावा विभिन्न सीएचसी, पीएससी व केंद्रों पर निर्धारित आयु वर्ग के लोगों की वैक्सीनेशन प्रक्रिया निर्बाध गति से जारी है। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक टीकाकरण नहीं करवाया है ऐसे नागरिक टीकाकरण को प्राथमिकता देते हुए तुरन्त नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंचकर कोरोनारोधी टीके की डोज अवश्य लें। उन्होंने आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि वे कोरोना महामारी से बचाव के लिए निर्धारित कोविड गाइडलाइन की अनुपालना सुनिश्चित करें और सरकार व प्रशासन का सहयोग करें।
डीसी ने जिला के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए हमें आवश्यक सावधानियों को अपनाकर खुद को और आसपास के लोगों को सुरक्षित रखना होगा। इसके साथ ही प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले परामर्श की भी अनुपालना करनी होगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन प्रक्रिया के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर पात्र व्यक्ति को कोविड वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए।
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग रहे अलर्ट :
डीसी यशेन्द्र सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कोरोना संक्रमण के मद्देनजर अलर्ट मोड में रहकर कार्य करें और कोरोना की स्थिति पर नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष तौर पर प्रबंध किए जाएं।










