चंडीगढ़, 22 अप्रैल- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस– 2026 के उपलक्ष्य में हरियाणा योग आयोग, हरियाणा सरकार एवं केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) सचिवालय, चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आज सीआईएसएफ इकाई, पंजाब एवं हरियाणा के इकाई लाइन परिसर में एक भव्य एवं विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन योगाचार्य डॉ. जयदीप आर्य मुख्य अतिथि और उपाध्यक्ष डॉ. रोशन लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
योग शिविर का आरंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ, जिसमें सीआईएसएफ के 200 से अधिक जवानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान प्रतिभागियों को सूक्ष्म योगिक अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया गया।
इस मौके पर चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवनशैली है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित बनाती है। उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि कार्यक्षमता और मानसिक संतुलन में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है, जिससे व्यक्ति राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकता है।
सीआईएसएफ के कमांडेंट श्री ललित पवार ने कहा कि योग तनावमुक्त जीवन जीने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी जवानों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएं, ताकि वे समाज एवं राष्ट्र की सेवा और अधिक दक्षता के साथ कर सकें।
कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण के संदेश को सुदृढ़ करते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। अंत में हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. रोशन लाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार, ओमवीर मान, जसप्रीत कौर एवं रमेश भाटी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।









