Haryana News: हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आज अंतिम तिथि है। अब तक करीब 3 लाख अभ्यर्थी अपने फॉर्म को सफलतापूर्वक सबमिट कर चुके हैं। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास 31 जनवरी 2026 रात 11:59 बजे तक ही समय है। इसके बाद फॉर्म भरने के लिए किसी भी प्रकार का अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा।
हरियाणा सरकार ने नए साल की शुरुआत में युवाओं को बड़ा तोहफा देते हुए पुलिस कॉन्स्टेबल की भर्ती निकाली है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) ने 5,500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इससे पहले राज्य में सबसे बड़ी भर्ती 5,061 पदों पर हुई थी। नायब सरकार की इस भर्ती को युवाओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।
पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती को लेकर प्रदेश के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। HSSC चेयरमैन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि युवा पूरे जोश और अनुशासन के साथ PMT और PST की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सुबह-शाम गांवों और शहरों के मैदानों में युवा दौड़ लगाते, अभ्यास करते और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पसीना बहाते नजर आ रहे हैं।
चेयरमैन ने लिखा कि यह दृश्य न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि हरियाणा का युवा परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास से भरपूर है। युवाओं की यह मेहनत और समर्पण आने वाले समय में उनकी सफलता की मजबूत नींव बनेगा।
हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। फॉर्म भरने के लिए सबसे पहले अभ्यर्थियों को HSSC की आधिकारिक वेबसाइट hssc.gov.in पर जाना होगा। यहां Advt No-01/2026 के तहत पुलिस विभाग की भर्ती से संबंधित लिंक पर क्लिक करना होगा, जहां जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
इसके बाद अभ्यर्थियों को ग्रुप-सी CET रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा। ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद पहले से भरी हुई CET डिटेल्स स्क्रीन पर आ जाएंगी। इसके बाद योग्यता, अनुभव, फोटो और हस्ताक्षर से जुड़ी जानकारी भरनी होगी।
फॉर्म भरते समय सभी जानकारियों से संबंधित डॉक्यूमेंट अपलोड करना अनिवार्य है। फोटो और हस्ताक्षर jpg, jpeg या png फॉर्मेट में 4KB से 100KB के बीच अपलोड करने होंगे। अंत में फॉर्म का प्रिव्यू देखकर उसे डाउनलोड करें और उसका प्रिंट निकालें। सभी पेजों पर साइन और तारीख डालकर साइन की हुई कॉपी भी अपलोड करनी होगी।








