17 अप्रैल की रात को बावल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव शाहपुर में अवैध रूप से मिट्टी उठाई जा रही है। सूचना के बाद बावल थाना से हेड कांस्टेबल विष्णु, हेड कांस्टेबल गुलाब सिंह व स्पेशल पुलिस अधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो उन पर हमला बोल दिया था। आरोपियों ने पुलिस के जवान विष्णु, गुलाब सिंह व एसपीओ मनोज को अपनी गाड़ी में डाल लिया था। आरोपित गुलाब सिंह व मनोज को वहीं फेंक गए थे, विष्णु को अपने साथ गाड़ी में डाले गए थे। मारपीट करने के बाद आरोपित उन्हें भी गांव के निकट फेंक कर फरार हो गए थे।
बावल थाना पुलिस ने हेड कांस्टेबल विष्णु की शिकायत पर बच्चू सिंह सहित 5 लोगों के खिलाफ मारपीट करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने सोमवार की शाम को एक आरोपी बच्चू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।





