
धारूहेड़ा थाना पुलिस ने गृह मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर 3 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नई दिल्ली के बलजीत नगर निवासी प्रदीप और गांव मसानी निवासी सुल्तान सिंह के रूप में हुई है।
जांचकर्ता ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ के गांव चंदपुरा निवासी जयवीर सिंह ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया था कि कि गांव मसानी निवासी सुल्तान सिंह के मामा उनके पड़ोसी गांव अलवर के गांव जैतपुर में है। जैतपुर में उनके मामा के यहां उनका उठना- बैठना है। जिसके बाद ही सुल्तान सिंह से मुलाकात हुई थी। सितंबर 2019 में सुल्तान उसके पास आया और कहा कि उसकी दिल्ली में अच्छी जान-पहचान है और केंद्रीय मंत्री के रिश्तेदारों से संपर्क है। कुछ पैसे देने होंगे जिसके बाद उनके बेटे को नौकरी लगवा देंगे। इसके बाद वह मसानी उनसे मिलने पहुंचा और 50 हजार रुपए दिए। वहां पर उन्होंने बबीता नाम की महिला से मिलाया, जिसने खुद को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की बहन बताया।

इसके अलावा उनके पति हरि प्रताप सिंह और बेटे प्रदीप से भी मिलवाया। महिला ने कहा कि वह अपने भाई राजनाथ सिंह को कहकर उनके बेटे राहुल को नौकरी लगवा देगी और 3 लाख रुपए मांगे। 50 हजार रुपए देने के बाद काफी समय बीत गया तो उसने फोन किया किया तो कहा कि कुछ कागजात प्रक्रिया पूरी करने के बाद ज्वाइनिंग लेटर सौंप देंगे। बाद में आरोपियों ने उससे कहा कि पैसे का इंतजाम करो। बाद में आरोपियों ने 25 नवंबर 2019 को फोन करके कहा कि उसका काम पूरा हो गया।
तत्पश्चात आरोपियों ने डॉक्यूमेंट मंगवा लिए और पैसे लेकर प्रदीप का फोन आया कि आपके बेटे का काम हो गया है। तत्पश्चात उसने प्रदीप के खाते में 50 हजार रुपए डाल दिए। इस प्रकार आरोपियों ने उनसे कुल 3 लाख रुपए ले लिए। कुछ दिनों बाद उन्होंने ज्वाइनिंग लेटर के नाम पर उन्हें गृह मंत्रालय में प्रवेश का अस्थायी पास सौंप दिया। इसकी जांच कराई तो यह पास फर्जी निकला।
पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच करते हुए आरोपी नई दिल्ली के बलजीत नगर निवासी प्रदीप और मसानी निवासी सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया। इसमें आरोपी हरीप्रताप का देहांत हो चुका है।




