डीसी यशेन्द्र सिंह ने समारोह के मद्देनजर आह्वान किया कि आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में रेवाड़ी जिला के श्रद्धालु भी समारोह में बढ़चढ़ कर भागीदार बनें। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400 वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा तैयार किए गए भक्ति गीत और पोस्टर का भी लोकार्पण करते हुए लोगों को समारोह में पहुंचने की अपील की है। पोस्टर हिंदी और पंजाबी दोनों भाषाओं में लॉंच किए गए हैं।
श्री गुरु तेग बहादुर की शिक्षाएं दुर्लभ विरासत हैं : डीसी
डीसी यशेंद्र सिंह ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाएं न केवल हमारे लिए एक दुर्लभ विरासत हैं बल्कि एक मजबूत और नैतिक रूप से प्रबुद्ध समाज के निर्माण के लिए सबसे महत्वपूर्ण नींवों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि इस राज्य स्तरीय समारोह का उद्देश्य श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा प्रचारित सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे के संदेश का प्रचार करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समय-समय पर पूरे प्रदेश में सार्वजनिक सभाओं, राज्य स्तरीय समारोहों, सेमिनार का आयोजन करके धर्म गुरुओं, संतों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है।
राज्य सरकार ने वर्ष 2017 में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया था। वहीं वर्ष 2019 में सिरसा में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व का भी आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि आज हमारा परम कर्तव्य बनता है कि श्री गुरु तेग बहादुर जी और अन्य धर्म गुरुओं और संतों की शिक्षाओं, विचारधाराओं और दर्शन को समाज में, विशेषकर युवाओं में प्रचारित करें। सरकार के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक संस्थान भी समाज को सांस्कृतिक रूप से आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों की श्रृंखला में राज्य सरकार श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400 वें प्रकाश पर्व समारोह के उपलक्ष्य में इस राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन कर रही है, यह सराहनीय कदम है।










