
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार व जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश कुमार मितल के मार्गदर्शन में बुधवार को विश्वकर्मा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में कानूनी जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया।
मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वर्षा जैन ने कहा कि वाहन चालकों को चाहिए कि वे केवल चालान से बचने के लिए नहीं बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि वाहन चालक तेज गति से वाहन न चलाएं और न ही नशा आदि को सेवन कर ड्राईविंग करें।
सीजेएम ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक गांव एवं हर नागरिक तक विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि कानूनी सहायता प्राप्त करना सभी का अधिकार है और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी समाज के सभी वर्गो की सहायता करने के लिए सदैव प्रतिबद्घ है।
सीजेएम जैन ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी द्वारा एक हेल्पलाइन न. 01274-220062 चलाया गया है जिस पर आमजन मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते है। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से समय-समय पर कानूनी जागरुकता शिविर आयोजित किए जाते हैं साथ ही गरीब व जरुरतमंदों को नि:शुल्क कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।










