
हरियाणा में साइबर ठग लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। अकेले रेवाड़ी में ही अब तक कई मामले ठगी के सामने आ चुके हैं। एक दिन में दो ताजा मामले दर्ज हुए हैं। धारूहेड़ा में एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर बदमाश ने 1 लाख 78 हजार रुपए से ज्यादा की नकदी साफ कर दी। वहीं जैनाबाद निवासी एक युवक के साथ करीब 20 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई है।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने ठगी का केस दर्ज कर लिया है। धारूहेड़ा थाना पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में चांद कालोनी निवासी सुमेर सिंह ने बताया कि वह भगत सिंह चौक पर स्थित पीएनबी के एटीएम बूथ पर पैसे निकालने के लिए गया था। जहां पहले से एक शातिर लड़का खड़ा था, उसने बातों में लगाकर उसका एटीएम कार्ड चेंज कर लिया।
कुछ समय बाद ही लड़के ने उसके खाते से 1 लाख 78 हजार 688 रुपए की नकदी साफ कर दी। नकदी साफ होने की शिकायत लेकर वह पुलिस के पास पहुंची, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में उसने एसपी को शिकायत दी। एसपी के आदेश पर अब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर जैनाबाद निवासी संजय कुमार के साथ भी ठगी हुई है।
शातिर ठग ने एनीडेस्क एप डाउनलोड कराकर उसके खाते से 19 हजार 600 रुपए की नकदी साफ कर दी। उसने ऑनलाइन नंबर सर्च करके मदद मांगी थी। मदद तो नहीं मिली, ठग ने खाता साफ कर दिया। संजय ने इसकी शिकायत रेवाड़ी साइबर थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।





