
कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव का कापड़ीवास बॉर्डर पर उनका भव्य स्वागत किया गया। एक-दो नहीं, बल्कि 40 से ज्यादा जगह उनका भव्य स्वागत होगा। जबकि रेवाड़ी के मसानी व महेन्द्रगढ़ जिले के गोदबलावा में जनसभा होगी।
भूपेंद्र यादव के दौरे को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि अहीरवाल के बड़े नेता केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह इस स्वागत यात्रा में शिरकत करेंगे या नहीं। इस पर अभी तक संशय बना हुआ है। क्योंकि भूपेंद्र यादव के अहीरवाल में एंट्री से सबसे ज्यादा बेचैनी राव समर्थकों को हो रही है, क्योंकि इस दौरे का ड्राफ्ट तैयार होने के बाद से ही स्वागत यात्रा की बागडोर राव विरोधी खेमे ने संभाली हुई है। महेन्द्रगढ़ जिले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के भी स्वागत यात्रा में शामिल होने की संभावना है। हालांकि अधिकारिक तौर पर ओपी धनखड़ के यात्रा में शामिल होने की जानकारी नहीं है।
भूपेंद्र यादव गुरुग्राम के जमालपुर गांव के रहने वाले हैं। राजस्थान से राज्यसभा सांसद भूपेंद्र यादव को गृहमंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। कुछ समय पहले हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव के बाद भूपेंद्र यादव को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। भूपेंद्र यादव के मंत्री बनने से भारतीय जनता पार्टी को राजस्थान के साथ ही हरियाणा से खासकर अहीरवाल इलाके से बड़ी आस है। हालांकि अहीरवाल में भाजपा के पास एक और बड़े नेता के रूप में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मौजूद हैं, लेकिन भूपेंद्र के कैबिनेट मंत्री बनने के बाद से राव खेमा पूरी तरह साइलेंट है। अंदर ही अंदर भाजपा में गुटबाजी शुरू हो चुकी है, क्योंकि राव इंद्रजीत सिंह विरोधी खेमे ने भूपेंद्र यादव की स्वागत यात्रा को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंक दी है। हालांकि इस ताकत का अहसास आज होने वाली स्वागत यात्रा के दौरान ही पता चल पाएगा।
रेवाड़ी व महेन्द्रगढ़ में दो जगह जनसभा करेंगे
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुरुग्राम के रास्ते रेवाड़ी में एंट्री की। कापड़ीवास में कुछ दूरी पर दो जगह उनका स्वागत किया गया। उसके बाद वह सीधे मसानी गांव में पहुंचेंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद रेवाड़ी शहर की तरफ रवाना होंगे। रेवाड़ी शहर में ही एक दर्जन से ज्यादा जगह उनका स्वागत होगा। उसके बाद महेन्द्रगढ़ जिले में एंट्री होगी। रेवाड़ी की तरह यहां भी कई जगह स्वागत होंगे और फिर राव विरोधी खेमे में गिने जाने वाले नांगल चौधरी से विधायक डॉ. अभय सिंह द्वारा गोदबलावा में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद वह राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर जाएंगे।
पूर्व विधायक नए अवसर की तलाश में
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ रेवाड़ी से चुनावी मैदान में उतरे पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास भी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के जरिए एक बार फिर अपनी राजनीति को धार देने के लिए आतुर हैं। रणधीर सिंह कापड़ीवास वर्ष 2014 में भाजपा की टिकट पर विधायक बने थे, लेकिन राव इंद्रजीत के विरोध के चलते उन्हें इस बार टिकट नहीं मिल पाई थी, जिसकी वजह से उन्हें पार्टी से भी निकाल दिया गया था। लेकिन खुद को पुराना भाजपाई बताते हुए रणधीर सिंह कापड़ीवास ने अपने समर्थकों के साथ हाईवे पर अपने गांव के पास ही अलग से भूपेंद्र यादव का स्वागत किया।







