उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे पौंटा मार्ग के चौड़ीकरण करने के लिए केंद्र सरकार ( central government ) ने 1290.50 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं. शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने रविवार को जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नेशनल हाईवे ( National Highway ) के जगाधरी से ताजेवाला तक के मार्ग को फोरलेन बनाए जाने के लिए स्वीकृति दे दी है.
जिसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गड़गरी का आभार जताया है. जल्द ही मार्ग के चौड़ीकरण करने का कार्य शुरु हो जाएगा. मार्ग के चौड़ीकरण होने से यमुनानगर जिले समेत साथ लगते हिमाचल व उत्तर प्रदेश के लोगों को भी इसका काफी लाभ मिलेगा.
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार विकास कार्य करवाने के लिए कृत संकल्प है. शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में अब तक करोड़ों रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं और करोड़ों के विकास कार्य जारी हैं. इसके लिए वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार मंजूर करा कर विकास कार्यों को गति प्रदान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह जगाधरी विधानसभा क्षेत्र को विकसित करने के लिए पूरी जी जान से जुटे हैं.










