हरियाणा में स्वामीत्व योजना के तहत 6286 गांवों में ड्रोन सर्वे का काम पूरा हो गया है। अब तक 19 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी कार्ड बन चुके हैं। हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जो ‘लाल डोरा’ मुक्त होने जा रहा है.
5737 गांवों के दावों का हो चुका है निवारण
बैठक में बताया गया कि सभी 6286 लक्षित लाल डोरा गांवों में ड्रोन मैपिंग, मैप-1 और मैप-2 का काम पूरा कर लिया गया है. जल्द ही मैप-3 का काम भी पूरा कर लिया जाएगा. अब तक 5737 गांवों के दावों और आपत्तियों का निवारण किया जा चुका है और शेष गांवों के लिए प्रक्रिया जारी है.
5038 गांवों का फाइनल मैप सर्वे एसओआई को भेजा
फिलहाल 5038 गांवों का फाइनल मैप सर्वे ऑफ इंडिया (एसओआई) को भेज दिया गया है.जिन 699 गांवों में दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जा चुका है, उनका अंतिम स्वामित्व डेटा SOI को भेजने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रत्येक संपत्ति का अंतिम नक्शा और भूमि पार्सल नक्शा तैयार किया जा सके.
मुख्य सचिव ने बताया कि सभी जिलों के तकनीकी कर्मचारियों को भूमि पार्सल मानचित्र डेटा से संपत्ति कार्ड बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है ताकि जिलों द्वारा संपत्ति कार्ड के वितरण और तैयारी को सुचारू रूप से जारी रखा जा सके.
विकास एवं पंचायत विभाग को भी विवादों का ब्योरा साझा करने को कहा गया है. बैठक में अपर मुख्य सचिव एवं वित्त आयुक्त पीके दास, मिशन निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कुमार, सर्वे ऑफ इंडिया के निदेशक कर्नल कुणाल ने भी बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए.










