पंजीकरण अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाया, नागरिक पंजीकरण कर यात्रा का उठाएं लाभ
हिसार, 21 अप्रैल।
हरियाणा सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए श्री नांदेड़ साहिब (महाराष्ट्र) की पवित्र यात्रा हेतु एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 5 मई को कुरुक्षेत्र से रवाना होगी, जिसे प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। गौरतलब है कि पंजीकरण अवधि पहले 15 अप्रैल निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 30 अप्रैल तक कर दिया गया है।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि इस योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को श्री नांदेड़ साहिब की यात्रा का नि:शुल्क लाभ प्रदान किया जाएगा। इसमें यात्रियों को आवागमन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उपायुक्त ने कहा कि इच्छुक पात्र नागरिक सरल हरियाणा पोर्टल पर समय रहते अपना पंजीकरण कर यात्रा का लाभ उठाएं।





