
रेवाड़ी जिले के कसौला थाना क्षेत्र में लूट की दो वारदातें सामने आई हैं। पहली वारदात एक कंपनी कर्मचारी के साथ हुई जहां बदमाशों ने मारपीट के बाद कैश और मोबाइल लूट लिया। उसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने हाईवे के रास्ते पैदल घर जा रही महिला को रोका और उसके कान से सोने के कुंडल और कैश लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों ही वारदातों में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पातुहेड़ा गांव की रहने वाली 65 साल की बुजुर्ग कोयला देवी मंगलवार को अपने मायके मोहनपुर गई हुई थीं। वहां से वापस घर लौटने के लिए कोयला देवी बनीपुर चौक से आ रही थीं।इसी बीच बनीपुर चौक से कुछ दूर आगे बाइक पर सवार बदमाश उनके कान से कुंडल झपटकर फरार हो गए।
बदमाशों के कुंडल ले जाते वक्त महिला का एक कान फट गया, जिसके बाद वो चिल्लाई लेकिन हाईवे पर उसकी चीख किसी ने नहीं सुनी। बदमाश बुजुर्ग से 3 हजार रुपए भी छीन ले गए। वारदात के बाद कोयला देवी ने किसी की मदद से अपने बेटे महेन्द्र को सूचना दी। मौके पर पहुंची कसौला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मारपीट कर मोबाइल और कैश छीना
दूसरी वारदात गांव पातुहेड़ा की एक कंपनी के पास हुई। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला धर्मेन्द्र अपने घर पर जा रहा था। तभी एक अपाचे बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उसे दबोच लिया। पहले उसे बुरी तरह पीटा ओर फिर दो हजार कैश और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। कसौला थाना पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर के कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों ही वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश फरार हैं।





