
हरियाणा STF गुरुग्राम यूनिट ने धारूहेड़ा में एक ऐसे गिरोह पर FIR दर्ज कराई है, जो सरकारी नौकरियों के लिए होने वाली ऑनलाइन परीक्षा की लैब को देशी-विदेशी सॉफ्टवेयर के जरिए हैक करते हैं। फिर ऑफलाइन परीक्षा में परीक्षार्थी की जगह किसी दूसरे व्यक्ति से पेपर दिलवा कर उन्हें पास कराते हैं। शुरुआती जांच में तीन लोगों को इसी तरह परीक्षा पास कराने की जानकारी सामने आई हैं। पुलिस ने गिरोह के दो लोगों पर नामजद केस दर्ज किया है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने अरुण व राज के खिलाफ आईटी एक्ट, 120बी, 419, 420 के तहत केस दर्ज किया है। मामले में एसटीएफ यूनिट जांच में जुटी है ।
एसटीएफ की गुरुग्राम यूनिट में तैनात ASI सतीश कुमार ने धारूहेड़ा थाना पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनकी टीम को मामले की जानकारी मिली थी कि धारूहेड़ा के असदपुर (सूरजपुरा) निवासी अरूण कुमार उर्फ पांडेय उर्फ सोनू सरकारी नौकरी से संबंधित परीक्षाओं में परीक्षार्थियों से मोटी रकम लेकर नौकरी दिलाने का काम करता है। गिरोह में काफी लोग शामिल हैं, जो केन्द्र, हरियाणा व अन्य राज्यों में निकलने वाली सरकारी नौकरी की परीक्षा अलग-अलग तरीके से पास कराते हैं। एसटीएफ ने अरुण की कुंडली खंगाली तो पता चला कि वह पलवल गांव अतर चिट्टा निवासी राज तेवतिया के मार्फत यह काम करता है। डील करने के बाद वह राज तेवतिया से मिलवाता है और फिर उसी के जरिए परीक्षा पास कराई जाती है।





