बावल के गांव शाहपुर में मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। शाहपुर के पूर्व सरपंच रतनसिंह ने बावल थाना पुलिस को सूचना दी कि शाहपुर निवासी बच्चू सिंह व उसके परिवार के सदस्य गांव के खेतों से गैर कानूनी रुप से मिट्टी उठा रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद बावल थाना पुलिस हेड कांस्टेबल विष्णु कुमार, हेड कांस्टेबल गुलाब व एसपीओ मनोज मौके पर पहुंचे और बच्चू सिंह व उसके साथियों को खनन करते हुए पाया। पुलिस को देखकर बच्चू सिंह व उसके साथी पुलिस के साथ गाली गलौच करने लगे और उनके साथ मारपीट करने लगे। बच्चू सिंह व उसके तीन साथी हेड कांस्टेबल विष्णु को सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर दूर खेतों में एक ट्यूबवेल पर ले गए और उसके साथ मारपीट की।
उसी दौरान बच्चू सिंह के पास एक फोन आया कि भारी मात्रा में पुलिस बल आ रहा है तो वे हेड कांस्टेबल विष्णु कुमार को स्विफ्ट गाड़ी में डालकर गांव में फेंककर भाग गए और उसके सभी साथी मौके से फरार हो गए और बच्चू सिंह को भी मौके से भगा दिया। जिसके बाद तीनों पुलिसकर्मियों को सीएचसी बावल में लाया गया जहां इन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों को भारी चोटें आई हैं और तीनों की वर्दियां भी खून से सनी हुई हैं।




