सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी जिले के गांव मुकुंदपुर बसई निवासी सोमबीर बुधवार की दोपहर अपने घर पर ही चारपाई पर लेटा हुआ था। तभी बाइक पर सवार होकर 2 नकाबपोश बदमाश आए। दोनों ने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। इससे पहले सोमबीर कुछ समझ पाता बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। बदमाशों ने उस पर 3 राउंड फायरिंग की, जिसमें 2 गोलियां सोमबीर को लगी।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो बदमाश फरार हो गए। परिजन तुरंत सोमबीर को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, सोमबीर की हालत खतरे से बाहर है। वहीं कसौला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कुछ सबूत जुटाए गए हैं।
पुलिस ने सोमबीर का बयान भी दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। अभी हमलावरों का पता नहीं चल पाया है।




