पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने कहा है कि वह अपने पति व सास के साथ शहर के मोहल्ला में किराए पर रहती है। पांच मार्च को उसका पति उसे दिल्ली रोड स्थित एक होटल में ले गया। होटल में उन्हीं के मोहल्ले का रहने वाला पति का दोस्त भी मौजूद था। महिला का आरोप है कि उसके पति के सामने ही उसके दोस्त ने दुष्कर्म किया।
पति ने किसी को भी इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी के कारण महिला ने किसी को भी पति व उसके दोस्त की हरकतों के बारे में नहीं बताया। 13 अप्रैल को उसका पति और सास बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पति का एक और दोस्त घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी धमकी देकर वहां से चला गया।
महिला ने घटना के बाद अपनी मां को इस बारे में बताया, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। रामपुरा थाना पुलिस ने दुष्कर्म व धमकी देने का मामला दर्ज कर उसके पति व एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को आज अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस महिला के पति के दूसरे दोस्त की भी तलाश कर रही है।




